लखनऊ में अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत:सड़क हादसे में लॉ के छात्र की मौत, विवाद के बाद ज्वेलरी कारीगर ने फंदा लगाया
लखनऊ के बख्शी का तालाब में सड़क हादसे में घायल लॉ के छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, ठाकुरगंज में विवाद के बाद ज्वेलरी कारीगर ने फंदा लगाकर जान दे दी। दोनों घटनाओं से परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। ई-रिक्शा की टक्कर से घायल लॉ के छात्र ने दम तोड़ा बख्शी का तालाब के विकास नगर स्थित बटहा सबौली निवासी संतोष राजपूत (24) लॉ कॉलेज में फाइनल ईयर के छात्र थे। सोमवार रात वह एक दोस्त के साथ स्कूटी से पार्टी में गए थे। बख्शी का तालाब कस्बे के पास उनकी स्कूटी में ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। हादसे में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संतोष परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता छोटे लाल की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। महिला के पति से विवाद के बाद युवक ने लगाया फंदा ठाकुरगंज के कंघी टोला, सारी माली खां निवासी अमन वर्मा (25) बालागंज स्थित ज्वेलरी की दुकान में सोने के जेवर बनाने का काम करता था। उसके भाई दीपक के मुताबिक, अमन का घर के पास रहने वाली एक महिला से पिछले छह महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर दो महीने पहले महिला के पति ने ठाकुरगंज थाने में शिकायत की थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच शांति भंग की कार्रवाई हुई थी और अमन जमानत पर छूटकर घर आ गया था। दीपक का आरोप है कि इसके बाद से महिला का पति लगातार अमन को धमकी दे रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अमन घर के बाहर बैठा था। तभी महिला अपने पति और कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गई। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। बीच-बचाव करने पहुंची अमन की मां रेशमा भी घायल हो गईं। आरोप है कि इसके बाद महिला, उसका पति और साथी धमकी देते हुए चले गए। अमन ने ठाकुरगंज थाने पहुंचकर महिला, उसके पति और साथियों के खिलाफ तहरीर दी। घर लौटने पर उसने परिजनों से कहा कि अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी तो वह फंदा लगाकर जान दे देगा। परिजनों ने उसे समझाया, जिसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। रात 11 बजे कमरे में फंदे से लटका मिला दीपक के मुताबिक, रात करीब 11 बजे वह अमन के कमरे में पहुंचा तो उसे दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका देखा। यह देखकर उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। अमन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता अवध बिहारी वर्मा की दो साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। दीपक का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो शायद उसका भाई जिंदा होता। मामले में इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह का कहना है शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
स्रोत: आधिकारिक समाचार माध्यम (https://www.bhaskar.com/g/local/uttar-pradesh/lucknow/news/lucknow-law-student-death-accident-jewellery-maker-suicide-case-139475115.html)
Leave a Reply