आजमगढ़ रोडवेज पर बस के लिए परेशान हो रहे अभ्यर्थी:कमरे पर सोने के लिए गए RM, अभ्यर्थी बोले कैसे पहुंचेंगे परीक्षा केंद्र, सता रहा है डर
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को लेकर आजमगढ़ के परिवहन विभाग के अधिकारी कितना गंभीर हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रात 10 बजे से अयोध्या, अंबेडकरनगर के लिए बस की कोई सेवा नहीं है। ऐसे में मऊ, बलिया, गाजीपुर से आए अभ्यर्थी आजमगढ़ के बस अड्डे पर बस की आस में इधर से उधर टहल रहे हैं। पर उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। आजमगढ़ परिवहन विभाग के अधिकारी अपने कमरे पर जाकर सो चुके हैं। ऐसा आरोप अभ्यर्थी लगा रहे हैं। अयोध्या अंबेडकर नगर के लिए जो भी बसे जाएगी वह रात 3 बजे के बाद जाएंगी। ऐसे में इन परीक्षा केंद्रों पर जाने वाले अभ्यर्थियों के मन में परीक्षा को लेकर डर सता रहा है। अभ्यर्थियों को इस बात का डर लग रहा है कि जिस तरह से परीक्षा की रिपोर्टिंग टाइम सुबह 8 बजे है। ऐसे में पहुंच पाना लगभग असंभव है। इस बात को लेकर अभ्यर्थियों में जमकर गुस्सा भी है। लगभग 400 से अधिक अभ्यर्थी रात 1:00 बजे तक बस अड्डे पर टहलते नजर आए। ऐसे में रात 1 बजे तक दैनिक भास्कर ने इन अभ्यर्थियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली इसके बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। आईए जानते हैं। इन अभ्यर्थियों ने दैनिक भास्कर से क्या कहा…… बहुत दिक्कत हो रही है
मऊ जिले से किसी तरह से आजमगढ़ पहुंचे अभ्यर्थी राहुल ने बताया कि मेरा परीक्षा केंद्र अंबेडकर नगर जिला है। लगभग 3 घंटे से आजमगढ़ बस अड्डे पर टहल रहा हूं पर अभी तक जाने को कोई साधन नहीं मिला है। रात के 12:30 बज चुके हैं। पर यहां कोई सुनने वाला नहीं है। रोडवेज के अधिकारी अपने-अपने घरों को जा चुके हैं जो भी कर्मचारी हैं। वह बता रहे हैं की रात 3:00 बजे के बाद ही कोई बस जाएगी। ऐसे में समय से पहुंचने का डर हम लोगों को सता रहा है। 2 घंटे से खड़ा हूं, नहीं है कोई व्यवस्था
दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए मऊ से आए अभ्यर्थी अवनीश शर्मा ने बताया कि 2 घंटे से बस अड्डे पर खड़ा हूं। पर अभी तक कोई भी बस अयोध्या जाने के लिए नहीं मिली। अवनीश शर्मा का सेंटर अयोध्या में पड़ा है। अवनीश शर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग के जो अधिकारी थे वह अपने घरों को जा चुके हैं कोई सुनने वाला नहीं है। 400 से अधिक छात्र और छात्राएं सड़कों पर साधनों के इंतजार में टहल रहे हैं। परीक्षा में सुबह 8 बजे रिपोर्टिंग टाइम है। ऐसे में 3:00 बजे बस मिलने पर परीक्षा में शामिल होने को लेकर डर सता रहा है। बतातें चलें की आजमगढ़ से अयोध्या पहुंचने में 5 घंटे से अधिक का समय लगता है। आजमगढ़ में 30 सेंटरों पर होगी परीक्षा
आजमगढ़ जिले में 30 सेंटरों पर पीईटी परीक्षा आयोजित की गई है। इस परीक्षा में कुल 13,344 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील करने के निर्देश दिए। जिले के डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने देर रात बस अड्डे और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करके परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों से फीडबैक लिया इसके साथ ही आने-जाने के लिए परिवहन व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। रोडवेज के साथ ही रैन बसेरों में की गई है व्यवस्था
आजमगढ़ जिला प्रशासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आजमगढ़ के रोडवेज पर मेल और फीमेल अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की है। सबसे खास बात यह है कि मेल और फीमेल दोनों अभ्यर्थियों के आसपास पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। फीमेल अभ्यर्थियों के पास महिला पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। जबकि मेल अभ्यर्थियों के पास पुरुष पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। जिससे कि अभ्यर्थियों को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही कई रैन बसेरों में भी अभ्यर्थियों के रुकने की व्यवस्था की गई है। निश्चित रूप से जिला प्रशासन का यह कदम सराहनीय है।
स्रोत: आधिकारिक समाचार माध्यम (https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/azamgarh/news/azamgarh-pet-exam-candidates-struggle-bus-shortage-transport-officials-139479430.html)
Leave a Reply