दिल्ली में त्योहारी सीजन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी:322 किलो से ज्यादा संदिग्ध घी जब्त; 60% तक छूट ऑफर देकर बेच रहे थे सामान
त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विभाग ने विभिन्न दुकानों पर छापेमारी कर 322 किलो से अधिक संदिग्ध घी जब्त किया है। कार्रवाई सोशल मीडिया पर बाय वन, गेट वन फ्री और 60% तक छूट का विज्ञापन देकर खाद्य पदार्थ बेचने वाले स्टोर्स पर की गई। छापेमारी के दौरान विकासपुरी के मैक्सकार्ट और अग्रवाल स्टोर से 75.50 लीटर से अधिक घी जब्त किया गया। वहीं, हस्तसाल गांव के एक स्टोर से श्री शान, वृंदा फार्म्स और अवतार ब्रांड का 246 किलो घी बरामद हुआ। इसके अलावा आजाद मार्केट से कन्फेक्शनरी उत्पादों, लाजपत नगर से मखाना और हल्दी, जबकि रिठाला से बिस्कुट और कैंडी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से खरीदारी के दौरान उत्पादों की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट जांचने की अपील की। विभाग के मुताबिक, लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्रोत: आधिकारिक समाचार माध्यम (https://www.bhaskar.com/local/new-delhi/news/delhi-food-department-raid-fake-ghee-seized-festive-season-139466925.html)
Leave a Reply