दिल्ली के 48 गांव होंगे शहरीकृत:बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ; सड़क, सीवर, जलापूर्ति और स्वच्छता सुविधाओं के विकास पर रहेगा जोर
दिल्ली सरकार ने राजधानी के 48 गांवों को शहरीकृत करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस निर्णय से गांवों के सुनियोजित विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ होगा। शहरीकरण के बाद इन क्षेत्रों में भूमि उपयोग, सड़क संपर्क, सीवर, जलापूर्ति, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं की बेहतर योजना तैयार की जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के गांव राजधानी की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जीवन का अहम हिस्सा हैं। सरकार का उद्देश्य गांवों की पहचान और विरासत को संरक्षित रखते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस फैसले से संबंधित गांवों की विकास संबंधी जरूरतों का व्यवस्थित आकलन करने और विभिन्न सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों में रहने वाले परिवारों के जीवन स्तर में सुधार और आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शहरीकरण का यह निर्णय दिल्ली के संतुलित और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
स्रोत: आधिकारिक समाचार माध्यम (https://www.bhaskar.com/local/new-delhi/news/delhi-government-urbanize-48-villages-infrastructure-development-139467018.html)
Leave a Reply