नकुल दुबे ने वोट को घर की इज्जत बताया:अम्बेडकरनगर में भाजपा पर साधा निशाना, 2027 में निष्पक्ष चुनाव कराने का किया आह्वान
अम्बेडकरनगर में कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहाकि जिस तरह लोग अपने घर की इज्जत और आबरू की रक्षा करते हैं, उसी तरह अपने वोट की भी रक्षा करनी चाहिए। वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। मताधिकार पर किसी तरह का आघात बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। रविवार को करीब पांच बजे हिमाचल प्रदेश के विधायक राजन के नेतृत्व में अम्बेडकरनगर पहुंचे नकुल दुबे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की जरूरत बताई। नकुल दुबे ने कहाकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में वोटों की कथित चोरी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान को मजबूती देने के लिए कांग्रेस नेता जिले में पहुंचे हैं। उन्होंने दावा किया कि पीलीभीत में चुनाव आयोग की कमियों को उजागर करने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए गए हैं। जहां से भी शिकायतें मिलेंगी, कांग्रेस वहां पहुंचकर कार्रवाई की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कर उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करना है। इसके लिए मतदाताओं को जागरूक करना और उनके अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है। लोगों को जागरूक करने की अपील सपा-कांग्रेस के बीच पोस्टर विवाद पर पूछे गए सवाल पर दुबे ने कहा कि वह सुबह से कार्यक्रम में व्यस्त हैं। पोस्टर देखने के बाद ही इस पर कोई टिप्पणी करेंगे। केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े सवालों का जवाब भी वहीं से मिल सकता है। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को लेकर पूछे गए सवाल पर नकुल दुबे ने तंज कसते हुए कहा कि उनकी बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने पत्रकारों से भी मतदान के अधिकार के महत्व को समझने और लोगों को जागरूक करने की अपील की। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का उल्लेख करते हुए दुबे ने कहा कि एक वोट की ताकत से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। यदि मताधिकार पर हमला होता है तो सभी को एकजुट होकर इसका विरोध करना चाहिए।
स्रोत: आधिकारिक समाचार माध्यम (https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ambedkarnagar/news/ambedkarnagar-nakul-dubey-congress-bjp-2027-election-statement-139486488.html)
Leave a Reply