किशोरी से छेड़छाड़ के 22 दिन बाद FIR:थाना प्रभारी ने NCR दर्ज कर आरोपी को बचाया, एसपी के आदेश पर हुई कार्रवाई
कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र में किशोरी से छेड़छाड़ और उसे खेतों की तरफ खींचने की कोशिश के मामले में घटना के 22 दिन बाद FIR दर्ज हुई। घटना 2 अक्टूबर की है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद थाना पुलिस ने पहले FIR दर्ज करने के बजाय NCR दर्ज की। उसकी कॉपी भी नहीं दी। 23 अक्टूबर को मामला सामने आने के बाद एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने संज्ञान लिया और FIR दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एक साल से दोस्ती का दबाव बनाने का आरोप पीड़िता की मां निशा देवी के मुताबिक, उनकी करीब 15 वर्षीय बेटी इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा है। आरोप है कि गांव का ही सचिन पिछले करीब एक साल से उनकी बेटी पर दोस्ती करने का दबाव बना रहा था और उसे परेशान कर रहा था। मां के अनुसार, 2 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे किशोरी स्कूल में गांधी जयंती कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका पीछा किया और रास्ते में अश्लील बातें करने लगा। आरोप है कि गांव के बाहर बंबे के किनारे सुनसान जगह पर उसने किशोरी को रोक लिया। उसका हाथ पकड़कर अश्लील हरकत की और जबरन खेतों की तरफ खींचने की कोशिश की। शोर मचाने पर भागा आरोपी पीड़िता के शोर मचाने और आसपास के लोगों के आवाज लगाने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग गया। आरोप है कि जाते समय उसने किशोरी को थप्पड़ मारे, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उसने यह भी धमकाया कि दोस्ती नहीं करने पर किशोरी को जबरन उठा ले जाएगा। तीन बार थाने जाने के बाद भी नहीं मिली NCR की कॉपी निशा देवी का आरोप है कि उन्होंने घटना के बाद थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बजाय NCR दर्ज कर ली। मां के मुताबिक, वह तीन बार थाने गईं। तीसरी बार प्रार्थना पत्र देने पर पुलिस ने उसमें बदलाव कराया और NCR दर्ज की, लेकिन उसकी कॉपी भी नहीं दी। एसपी कार्यालय में शिकायत करने के बाद उन्हें NCR की कॉपी मिल सकी। मां ने आरोपी की पुलिसकर्मियों से नजदीकी होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद आरोपी उनकी बेटी को लगातार परेशान करता रहा। स्कूल प्रबंधन ने भी मामले की शिकायत पुलिस से की थी। एसपी के आदेश पर दर्ज हुई FIR निशा देवी ने एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय से निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी थी। 23 अक्टूबर को मामला सामने आने के बाद एसपी ने संज्ञान लेते हुए तत्काल FIR दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
स्रोत: आधिकारिक समाचार माध्यम (https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/kanpur-dehat/news/kanpur-dehat-rajpur-police-ncr-fir-molestation-case-sp-action-139486512.html)
Leave a Reply