पेरिस उपनगर में अंधाधुंध Firing, MMA खिलाड़ी की मौत और 5 घायल
पेरिस के उपनगर में शुक्रवार को गोलीबारी में मारा गया व्यक्ति ‘मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स’ का शौकिया खिलाड़ी था और उसके क्लब ने उसकी पहचान उजागर करते हुए यह जानकारी दी। फ्रांस के अधिकारियों ने इस हमले को नस्ली भावना से प्रेरित बताया है। पेरिस के उत्तर में स्थित ओबरविलिए में ‘अट्च अकादमी’ ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर मृतक की पहचान 26-वर्षीय पेंगो बोसियो वांगी के रूप में की और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
हालांकि, फ्रांस के अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से मृतक की पहचान उजागर नहीं की है। क्लब ने लिखा, ‘‘पेंगो हम में से एक था।’’
क्लब ने उसकी मुस्कान, ऊर्जा और उदारता को याद करते हुए कहा, ‘‘इस तरह किसी की जान लेने को किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता।’’
अधिकारियों के अनुसार, इस गोलीबारी में 12-वर्षीय एक लड़की समेत कम से कम पांच लोग घायल हुए। एक बंदूकधारी ने वाहन में सवार होकर ट्रैप और ला वेरिएर के तीन स्थानों पर गोलीबारी की थी।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को इसे ‘‘नस्ली आतंकवादी हमला’’ बताया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को उनकी ‘‘त्वचा के रंग या कथित धार्मिक पहचान’’ के कारण निशाना बनाया गया। गोलीबारी के तुरंत बाद एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया।
फ्रांस के राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजक कार्यालय ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है।
स्रोत: आधिकारिक समाचार माध्यम (https://www.prabhasakshi.com/international/paris-suburb-shooting-mixed-martial-arts-fighter-killed-five-injured)
Leave a Reply