बनियापार मेले में रावण दहन:श्रीराम के हाथों रावण वध होते ही जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा परिसर
मऊ में श्रीदशहरा रामलीला धर्मार्थ ट्रस्ट मुहम्मदाबाद गोहना के तत्वावधान में मंगलवार शाम बनियापार मेला स्थल पर विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध की लीला का सजीव मंचन किया गया। अंत में श्रीराम के हाथों रावण वध और पुतला दहन होते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। रामलीला और मेले का आनंद लेने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर आजमगढ़-मऊ फोरलेन पर करीब एक किलोमीटर तक वनवे यातायात व्यवस्था लागू की गई। सीओ जितेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी कमलकांत वर्मा पुलिस व पीएसी बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। आयोजन में समिति अध्यक्ष छोटू प्रसाद, महामंत्री रामसरन चौहान, व्यवस्थापक राजेश चौहान, ठाकुर प्रसाद सिंह, राजीव सेठ, जनार्दन शर्मा, विजेंद्र सिंह, राजीव पटेल और रामअवध सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
स्रोत: आधिकारिक समाचार माध्यम (https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/mau/news/baniyapar-mela-mau-ram-leela-ravan-vadh-vijayadashami-celebration-139441363.html)
Leave a Reply