एसपी अभिमन्यु और पत्नी ने नवजात बच्चियों का जाना हाल:फतेहपुर में 10 अक्टूबर को लावारिस मिली थी एक बच्ची, बांटे गर्म कपड़े
फतेहपुर में एसपी अभिमन्यु मांगलिक और उनकी पत्नी कृति मंगलवार रात करीब 10 बजे जिला मुख्यालय स्थित किशोर न्याय बोर्ड पहुंचे। यहां आश्रय प्राप्त कर रहीं दो नवजात बच्चियों का हालचाल जाना। उन्होंने बच्चियों की देखभाल कर रहे कर्मचारियों से उनकी सेहत और जरूरतों की जानकारी ली। साथ ही ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े और दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं भेंट कीं। दोनों बच्चियों में से एक 10 अक्टूबर को थरियांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में लावारिस हालत में मिली थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस आपातकालीन सेवा (पीआरवी) मौके पर पहुंची और बच्ची को एंबुलेंस से हसवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें बच्ची स्वस्थ पाई गई। इस मामले की सूचना चाइल्डलाइन फतेहपुर को भी दी गई थी, ताकि बच्ची के पुनर्वास और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाया जा सके। बच्चियों के कल्याण के लिए जताई संवेदनशीलता मुलाकात के दौरान एसपी और उनकी पत्नी ने बच्चियों की उचित देखभाल और उनकी दैनिक जरूरतों पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बच्चियों के कल्याण और बेहतर भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। पुलिस अधिकारियों की इस पहल को जरूरतमंद बच्चों के प्रति संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है। इससे यह संदेश भी गया कि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभा सकती है।
स्रोत: आधिकारिक समाचार माध्यम (https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/fatehpur/news/fatehpur-sp-abhimanyu-manglik-visit-juvenile-justice-board-children-139436300.html)
Leave a Reply